मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में कुंभ मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के नेतृत्व में 10वें दिन भी जारी रहा विशेष स्वच्छता महाअभियान

 

*हरिद्वार, 30 अक्टूबर 2026*

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के दृष्टिगत धर्मनगरी हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से संचालित विशेष स्वच्छता महाअभियान शुक्रवार को 10वें दिन भी जारी रहा। कुंभ मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका एवं जिलाधिकारी श्री मयूर दीक्षित के नेतृत्व में नगर आयुक्त श्री नंदन कुमार के नेतृत्व में नगर निगम के कार्मिकों एवं पर्यावरण मित्रों द्वारा कुशा घाट से हनुमान घाट तक व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों में सफाई करते हुए लगभग 8 टन कूड़ा एकत्रित किया गया, जिन्हें उचित निस्तारण के लिए नगर निगम को सौंपा गया। इसके अतिरिक्त विभिन्न स्थानों पर संचालित स्वच्छता गतिविधियों के दौरान लगभग 2 टन कूड़ा एकत्रित किया गया। इस प्रकार अभियान के दौरान कुल लगभग 10 टन कूड़ा एवं अपशिष्ट सामग्री एकत्रित की गई।
कुंभ मेला-2027 के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन की तैयारियों के तहत जिला प्रशासन द्वारा स्वच्छता अभियान को जनसहभागिता के माध्यम से व्यापक स्वरूप दिया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत गंगा घाटों, मंदिर परिसरों, सार्वजनिक स्थलों एवं आसपास के क्षेत्रों में नियमित रूप से सफाई अभियान संचालित किए जा रहे हैं। इसमें विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, स्वयंसेवी संगठनों, स्कूली छात्र-छात्राओं, एनएसएस स्वयंसेवियों, विभागीय कार्मिकों एवं स्थानीय नागरिकों द्वारा सक्रिय सहभागिता की जा रही है।
इसी क्रम में आर एम सिडकुल कमल कुमार कफल्टिया के नेतृत्व में सिडकुल क्षेत्रांतर्गत स्वच्छ अभियान चलाया गया तथा घाटी पर गंगा सेवा ट्रस्ट के 10 स्वयंसेवकों ने स्वच्छता अभियान में प्रतिभाग किया। विष्णु घाट पर सोनिया फाउंडेशन चैरिटेबल ट्रस्ट के संयुक्त प्रयासों से 35 स्वयंसेवकों ने सफाई अभियान चलाया। इसके अतिरिक्त बाबा बंसी वाले के 2, बहुउद्देश्यीय सेवा संस्थान के 3, कुष्ठ लाल आश्रम के 4, रामराज ग्रामोद्योग संस्थान के 4, भुवनेश्वरी आश्रम के 6 तथा विलेज डेवलपमेंट के 10 स्वयंसेवकों द्वारा विभिन्न स्थानों पर एवं भारत स्काउट गाइड के 10 सदस्यों ने अस्थि प्रवाह घाट एवं नई घाट पर स्वच्छता अभियान में सहयोग दिया। इन सभी गतिविधियों के दौरान लगभग 2 टन कूड़ा एकत्रित किया गया।
जिला प्रशासन द्वारा कुंभ मेला-2027 से पूर्व हरिद्वार के गंगा घाटों, मंदिर परिसरों, सार्वजनिक स्थलों एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। स्वच्छता अभियान के माध्यम से न केवल सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई सुनिश्चित की जा रही है, बल्कि आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित भी किया जा रहा है।
जिला प्रशासन ने आमजन एवं सामाजिक संगठनों से अपील की है कि वे इस विशेष स्वच्छता महाअभियान में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करें। गंगा घाटों एवं सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा-कचरा न फैलाएं तथा कपड़ों एवं अन्य अपशिष्ट सामग्री को गंगा में प्रवाहित करने के बजाय निर्धारित स्थानों पर ही जमा कराएं, ताकि उनका उचित निस्तारण किया जा सके। जनसहभागिता एवं सामूहिक प्रयासों से ही कुंभ मेला-2027 से पूर्व हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *