पौड़ी जनपद के दो दिवसीय भ्रमण पर रहेंगे कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह*

 

देहरादून, 26 जून 2026
उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत 27 एवं 28 जून, 2026 को जनपद पौड़ी केभ्रमण पर रहेंगे। इस दौरान वह अपनी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों में विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण करेंगे तथा क्षेत्रीय विकास कार्यों की भी समीक्षा करेंगे। इसके अलावा वह व्यापक स्तर पर जनसंपर्क कर स्थानीय लोगों जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे।

कैबिनेट मंत्री डॉ रावत ने बताया कि वह दो दिवसीय भ्रमण के दौरान 27 जून शनिवार को अपनी विधानसभा क्षेत्र के सलाणा, बड़ियूं, चमगांव, कालौं, माथोली, पिपलोड़ी, सैंजी, नौठा एवं थलीसैंण क्षेत्र में जनसंपर्क करेंगे और आम लोगों से संवाद स्थापित करेंगे। इस दौरान बजवाड़ में उप स्वास्थ्य केंद्र का भूमि पूजन, बड़ियूं जाने वाली सड़क का शिलान्यास व भूमि पूजन करेंगे साथ ही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृत पटोटी-माथोली के डामरीकरण कार्यों का शिलान्यास करेंगे तथा स्थानीय ग्रामीणों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें करेंगे।

28 जून को डॉ रावत थलीसैंण में क्षेत्रीय ग्राम प्रहरियों के साथ बैठक करेंगे। इसके उपरांत प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे। साथ ही ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे। इसके बाद ग्राम जल्लू में सड़क डामरीकरण कार्य का शिलान्यास करेंगे।

डॉ. रावत ने कहा कि सरकार विकास योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। भ्रमण के दौरान स्थानीय जनता की समस्याओं को सुनकर उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए जाएंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *