हरिद्वार
आज दिनांक 21/11/2025 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन में सहायक पुलिस अधीक्षक/ क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन हरिद्वार जितेंद्र चौधरी द्वारा नशा मुक्त उत्तराखंड–देवभूमि अभियान के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक का आयोजन पुलिस कार्यालय रोशनाबाद में किया गया, जिसमें जनपदीय एएनटीएफ (ANTF) की टीम भी सम्मिलित रही।
बैठक का उद्देश्य स्कूल, कॉलेज व अन्य शिक्षण संस्थानों की इस अभियान में अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करना तथा विद्यार्थियों में नशा-मुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
बैठक में उपस्थित शिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्यों व प्रतिनिधियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने संस्थानों में एंटी ड्रग कमेटी एवं एंटी ड्रग क्लब का गठन करें।
सभी शिक्षण संस्थान/प्रबंधक छात्रों से एंटी ड्रग डिक्लेरेशन फॉर्म / सहमति पत्र भरवाएँ, इन सहमति पत्रों के आधार पर कुछ विद्यार्थियों का रैंडम एंटी ड्रग टेस्ट सीएमओ हरिद्वार की टीम द्वारा किया जाएगा।
बैठक के दौरान प्रतिभागियों ने अपने सुझावों एवं संस्थानों से संबंधित समस्याओं को भी साझा किया। इन बिंदुओं के निराकरण हेतु संबंधित थानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
नगर क्षेत्र के विभिन्न इंटर कॉलेजों व शिक्षण संस्थानों से आए प्रतिनिधियों ने बैठक में सक्रिय रूप से प्रतिभाग कर अभियान को सफल बनाने का संकल्प व्यक्त किया।